चौमूं के सामोद अस्पताल में पिछले तीन दिन से डॉक्टर हड़ताल पर हैं। यह हड़ताल अस्पताल परिसर में हुए हंगामे और डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार के विरोध में की जा रही है। एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
डॉक्टरों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी थी। अस्पताल प्रशासन ने सामोद थाने में राजकार्य में बाधा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज करवाया था। मामले में पुलिस की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। चौमूं उपखंड के अन्य सरकारी अस्पतालों में गुरुवार को दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया गया। इस दौरान OPD सेवाएं बंद रहीं। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय चौधरी ने प्रदेश के मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और डॉक्टरों की सुरक्षा की मांग की है। वर्तमान में अस्पताल में सिर्फ आपातकालीन सेवाएं चल रही हैं। कार्रवाई न होने पर हड़ताल और लंबी हो सकती है। इससे ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होंगी। पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। वे सिर्फ जांच का हवाला देकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
