स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले जयपुर नगर निगम हेरिटेज कमिश्नर अरुण कुमार हसीजा शनिवार को शहर के औचक निरीक्षण पर निकले। इस दौरान शहर में काफी जगह सफाई व्यवस्था बदहाल मिली। सफाई कर्मचारी भी नहीं मिले। इसके बाद कमिश्नर ने सफाई उपायुक्त को लताड़ लगाकर कर्मचारियों के अटेंडेंस सिस्टम में बदलाव करने के निर्देश दिए।
दरअसल, नगर निगम हेरिटेज कमिश्नर अरुण कुमार हसीजा शनिवार सुबह जयपुर के सिविल लाइन जोन क्षेत्र में पहुंचे जहां उन्होंने अलग-अलग वार्ड में पहुंच सफाई व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान काफी जगह सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी मिली। जिसे कमिश्नर ने जल्द से जल्द सुधारने के निर्देश दिए। वहीं कमिश्नर वार्ड 35 के हाजिरी गाह भी पहुंचे। जहां बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी नदारद मिले। इसके बाद कर्मचारियों ने नदारद मिले। कर्मचारी की एब्सेंट लगाने के साथ ही निगम के अटेंडेंस सिस्टम में बदलाव करने के आदेश दिए।

उन्होंने बताया- अब से प्रत्येक जोन में चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर सफाई कर्मचारियों की अटेंडेंस लेंगे। इसके साथ ही जोन के उपायुक्त भी हाजरी गाह पर पहुंच सफाई कर्मचारियों की अटेंडेंस चेक करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही अब शहर की प्रमुख सड़कों और चौराहों के साथ सार्वजनिक स्थान जैसे उद्यान स्कूल और धार्मिक स्थलों पर भी सफाई की जाएगी।
इस दौरान कमिश्नर ने सिविल लाइन, हवामहल- आमेर, किशनपोल और आदर्श नगर जोन के अलग – अलग वार्ड में पहुंचे आम लोगों से बात कर सफाई व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। जहां काफी स्थानों पर आम जनता ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था में सुधार के सुझाव दिए। जबकि कुछ स्थानों पर आम जनता ने डोर टू डोर कचरा संग्रहण की गाड़ी के टाइमिंग और निगम कर्मचारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर कर शिकायत भी की। जिस पर कमिश्नर ने उन्हें जल्द समाधान का वादा किया।

नगर निगम कमिश्नर अरुण कुमार हसीजा ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले शहर की सफाई व्यवस्था को जांचने के लिए आज पूरे शहर का निरीक्षण किया। इस दौरान काफी जगह खामियां पाई गई है। जिन्हें जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारी की लापरवाही को दूर करने के लिए आने वाले दिनों में हाजिरी गाह में अटेंडेंस सिस्टम में बदलाव किया जाएगा। ऐसे में अगले महीने से प्रत्येक वार्ड के हाजिरी कहां पर फेस स्कैनर मशीन से कर्मचारियों की अटेंडेंस ली जाएगी। ऐसे में जिस भी कर्मचारी की अटेंडेंस फेस स्कैनर मशीन के माध्यम से नहीं होगी। उसकी सैलरी भी काटी जाएगी।
