अजमेर में रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी (70) ने 5 साल की बच्ची से रेप किया। बच्ची के माता-पिता उसे अपने दोस्त के घर छोड़कर एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
जब बच्ची की मां किसी काम से लौटी तो देखा कि दोस्त के घर का मेन गेट अंदर से बंद था। मां ने बेटी को आवाज लगाई। गेट नहीं खुलने पर उन्होंने गेट की जाली से झांका।
दोस्त का बुजुर्ग पिता बच्ची के साथ दरिंदगी कर रहा था। आरोपी ने गेट खोला तो मां ने बेटी को संभाला। मामला क्रिश्चियन गंज थाना इलाके में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे का है।
पीड़ित बच्ची की मां की शिकायत पर क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने देर रात करीब एक बजे रेप का मामला दर्ज कर लिया। देर रात ही जेएलएन हॉस्पिटल में बच्ची का मेडिकल करवाया गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
गर्मी के कारण बच्ची को दोस्त के घर छोड़ा था क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता की मां ने मुकदमा दर्ज करवाया है। महिला ने शिकायत में बताया कि पति के दोस्त के यहां एक कार्यक्रम था। वह पति और बेटी के साथ कार्यक्रम में गई थी।
जहां कार्यक्रम था, वहां गर्मी ज्यादा थी। इस कारण बेटी को उसी दोस्त के घर छोड़कर वापस प्रोग्राम में आ गई। घर से 50 मीटर दूर ही कार्यक्रम था। उस समय घर पर पति के दोस्त के माता-पिता मौजूद थे।
कुछ देर बाद दोस्त की मां भी घर से कार्यक्रम में आ गई। इस बीच तेज हवा चलने से कार्यक्रम स्थल पर कुछ गंदगी फैल गई। पति के दोस्त ने उसे घर से कचरा उठाने के लिए परात लाने के लिए कहा।
जब वह दोस्त के घर पहुंची तो गेट अंदर से बंद था। बेटी को आवाज दी। गेट की जाली से देखा तो पति के दोस्त का पिता बेटी से दरिंदगी कर रहा था।
महिला ने बताया कि तभी आरोपी ने गेट खोला। बाद में आरोपी के बेटे को फोन कर इसकी सूचना दी गई।
FSL टीम ने जुटाए सबूत क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
सीओ रुद्र प्रकाश शर्मा आज पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया। उन्होंने घटना स्थल से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं।
