जयपुर। हेरिटेज निगम की ओर से श्रावण महीने में आने वाले तीज त्यौहार को भव्य ऐतिहासित महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। तीज महोत्सव के संबंध में सोमवार को हेरिटेज निगम महापौर कुसुम यादव और निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने निगम अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान महापौर कुसुम यादव ने सभी अधिकारियों को तीज महोत्सव से संबंधित तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। निगम महापौर कुसुम यादव ने कहा कि पारंपरिक तीज त्यौहार हमारी संस्कृति और सभ्यता से जुड़ा हुआ है। शहरवासियों की भावनाएं तीज त्यौहार से जुड़ी हुई है। ऐसे में आयोजन को भव्य रूप में मनाया जाएगा। तीज महोत्सव का तीन दिन तक कार्यक्रम ताल कटोरा की पाल और पौंड्रिक पार्क में आयोजित किए जाएंगे। आयोजन 26 जुलाई से 28 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे। इस बार शहरवासियों के लिए हेरिटेज निगम मेंहदी प्रतियोगिता, साफा प्रतियोगिता, लहरिया उत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भव्य रूप में कराने जा रहा है। जिसकी सभी तैयारियों को पूरी करने के निर्देश भी दे दिए गए है। तीज महोत्सव कार्यक्रम के नोडल अधिकारी हेरिटेज निगम के उपायुक्त सतर्कता पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ को बनाया गया है। तीज महोत्सव कार्यक्रम में अतिथि के रूप में कई जनप्रतिनिधि भी आमंत्रित किए जाएंगे।
वहीं तीज महोत्सव के आयोजन को लेकर हेरिटेज निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने कहा कि तीज त्यौहार जयपुर शहर की शान है। देश विदेश से पर्यटक तीज मेले को देखने आते है। ऐसे में निगम इस आयोजन को भव्य रूप में बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
इस दौरान हेरिटेज निगम की महिला उत्थान समिति चेयरमैन अंशु शर्मा, सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति चेयरमैन ज्योति चौहान ने भी आयोजन के संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस दौरान बैठक में अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव, उपायुक्त सतर्कता पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, निगम अधिकारी अनिता मित्तल, कविता चौधरी, उपायुक्त उद्यान मोनिका सोनी, गैराज शाखा के अधिकारी, उपायुक्त किशनपोल दिलीप भंभानी, सहायक राजस्व अधिकारी गौरव शर्मा आदि मौजूद रहे।
