प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से लौटते वक्त कार सवार 2 लोग हादसे का शिकार हो गए। इनमें से एक की मौत हो गई। घटना बाड़मेर जिले के गुड़ामालनी थाना इलाके मामाजी का धोरा रतनपुरा गांव में शनिवार रात हुई। गंभीर घायल का प्राथमिक उपचार के बाद पालनपुर (गुजरात) रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि ढलान पर कार बेकाबू हो गई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
गुड़ामालानी थाने के हेड कांस्टेबल मनोहरलाल ने बताया- बागोड़ा विसावाडी गांव निवासी जबर सिंह (55) पुत्र गणेश सिंह अपने साथी दलपत पुत्र रमेश कुमार निवासी भीनमाल के साथ गुड़ामालानी के खुडाला में प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होने कार से गया था।
शनिवार रात को करीब 2 बजे दोनों कार से अपने गांव लौट रहे थे। गुड़ामालानी- बागोड़ा रोड पर मामाजी का धोरा रतनपुरा ढलान में कार बेकाबू हो गई। सड़क से नीचे उतरकर कार खेजड़ी के पड़े से टकरा गई। इससे जबर सिंह और दलपत गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को गुड़ामालानी हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां पर जबर सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दलपत को प्राथमिक उपचार के बाद पालनपुर रेफर कर दिया गया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हादसे की जांच शुरू कर दी है।
