जयपुर में पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घर पर एक परिचित आया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना सांगानेर सदर थाना क्षेत्र के शांति विहार कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। पुलिस ने शवों को महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
SHO (सांगानेर सदर) नंद लाल ने बताया- शांति विहार कॉलोनी निवासी राजाराम (26) और उसकी पत्नी आशा मीणा (25) की हत्या की गई है। पति-पत्नी दोनों ही सांगानेर रीको एरिया स्थित फैक्ट्री में काम करते थे। घर में राजाराम के भाई-बहन भी रहते हैं।
घर पर आया परिचित, बहन को भेज दिया बाहर SHO नंद लाल ने बताया- दोपहर करीब 12:30 बजे आशा की फैक्ट्री में काम करने वाला मोनू बातचीत के लिए उनके घर आया था। इस दौरान घर पर आशा और राजाराम के साथ उसकी बहन भी मौजूद थी। राजाराम ने बहन को मोनू से कोई बातचीत करने की कहकर बाहर जाने को कहा। बहन किसी परिचित से मिलने उनके घर चली गई।
दोपहर करीब 1 बजे छोटा भाई लंच में फैक्ट्री से घर आया था। घर के अंदर भाई-भाभी के सिर के पास से खून निकलते देखा। चेहरे पर चोट के निशान थे। उसने तुरंत चिल्लाकर पड़ोसियों को बुलाया। उनकी मदद से बेसुध हालत में भाई-भाभी को महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
परिचित ने कहासुनी के बाद मारी गोली SHO नंद लाल के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम से दोपहर करीब 2:30 बजे सांगानेर सदर पुलिस को सूचना मिली। महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचने पर पुलिस को डॉक्टर्स ने गन शूट होना बताया। दंपती की कनपटी के पास गोली मारी गई थी।
पुलिस को प्रथमदृष्टया जांच में मोनू नाम के परिचित के बातचीत करने घर आने का पता चला। मोनू ने ही कहासुनी होने पर दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस को वारदात स्थल पर एक खाली कारतूस भी मिला है। पुलिस हत्या कर भागे आरोपी परिचित की तलाश कर रही है। उसके पकड़ में आने पर ही हत्या के कारण का पता चल सकेगा।
