अग्निवीर ने पेड़ से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। आस-पास के लोगों ने आज सुबह 7 बजे शव को लटका देखकर पुलिस को बताया। सामने आया है कि अग्निवीर ट्रेनिंग के दौरान गुरुवार को गायब हो गया था। आज सुबह उसका शव मिला। हादसे का पता लगने पर परिजन और ग्रामीण धरने पर बैठे है। घटना सीकर जिले के नीमकाथाना की है। पुलिस ने शव जिला हॉस्पिटल में रखवाया है।
थानाधिकारी राजेश कुमार डूडी ने बताया- अग्निवीर खादरा की ढाणी डालू वाली निवासी संदीप कुमार सैनी (22) था। 9 महीने पहले ही सेना में अग्नि वीर योजना में भर्ती हुआ था। छुट्टी के बाद 2 जनवरी को ड्यूटी पर गया था।

9 महीने पहले हुआ था भर्ती मृतक संदीप के भाई योगेश कुमार सैनी ने बताया- संदीप 9 महीने पहले ही अग्नि वीर योजना में लगा था। अंबाला में ट्रेनिंग कर बीकानेर महाजन में अभ्यास के लिए गया हुआ था। 1 महीने पहले छुट्टी काटने के बाद 2 जनवरी को वह वापस ड्यूटी चला गया।
गुरुवार को उसके पिता शैतान राम के पास फोन आया कि उनका बेटा अभ्यास के बीच में निकल गया है। इस पर परिजनों ने घर नहीं आने की जानकारी दी। इसके बाद शनिवार सुबह 7 बजे उसका शव पेड़ से लटका मिला। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

धरने पर बैठे परिजन वहीं मामले की सूचना पर जिला अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। निष्पक्ष जांच, जवान को शहीद का दर्जा, परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर लोग धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि जब तक मांगे नहीं मानेंगे तब तक धरना जारी रहेगा।

कॉमरेड गोपाल सैनी ने कहा-आखिर ऐसा कौन सा दबाव था, जिसके चलते संदीप ने ये कदम उठाया। जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं मानी जाएगी तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष विनोद कुमार सैनी सहित सैकडों की संख्या में लोग मौजूद हैं।
