Home » राष्ट्रीय » राहुल बोले-महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वोटर्स लिस्ट में फर्जीवाड़ा हुआ:इलेक्शन कमीशन से वोटर्स का डेटा मांगा; आयोग बोला- तथ्यों के साथ लिखित जवाब देंगे

राहुल बोले-महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वोटर्स लिस्ट में फर्जीवाड़ा हुआ:इलेक्शन कमीशन से वोटर्स का डेटा मांगा; आयोग बोला- तथ्यों के साथ लिखित जवाब देंगे

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में फर्जी तरीके से वोटर्स जोड़े जाने का आरोप लगाया है। राहुल ने दिल्ली में शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत और NCP-SP सांसद सुप्रिया सुले के साथ जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र चुनाव में गड़बड़ी हुई। वोटर लिस्ट में नए मतदाता जोड़े गए, ताकि भाजपा की जीत हो सके। राहुल ने इलेक्शन कमीशन से वोटर्स का डेटा मांगा है।

इसे लेकर चुनाव आयोग ने X पोस्ट में कहा कि ECI के लिए मतदाता सबसे पहले आते हैं, इसके बाद सभी पॉलिटिकल पार्टियां चुनाव की प्रमुख स्टेकहोल्डर हैं।

इलेक्शन कमीशन पार्टियों के विचारों, सुझावों और सवालों को गहराई से महत्व देता है। कमीशन पूरे देश में समान रूप से अपनाई गई चुनावी प्रक्रियाओं की जानकारी लिखित रूप में पूरे तथ्यों के साथ देगा।

राहुल ने X पोस्ट में इलेक्शन कमीशन पर आरोप लगाए

राहुल ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के लिए पांच साल में महाराष्ट्र में 32 लाख वोटर्स जोड़े गए, जबकि इसके पांच महीने बाद विधानसभा चुनाव के लिए 39 लाख वोटर्स को जोड़ा गया।

उन्होंने चुनाव आयोग से पूछा कि पांच महीने में पांच साल से ज्यादा वोटर्स कैसे जोड़े गए?

विधानसभा चुनाव में राज्य की कुल वयस्क आबादी से ज्यादा रजिस्टर्ड वोटर्स कैसे थे?

राहुल ने कहा कि इसका एक उदाहरण कामठी विधानसभा है, जहां भाजपा की जीत का अंतर लगभग उतना ही है जितने नए वोटर्स जोड़े गए।

इलेक्शन कमीशन को इन सवालों का जवाब देना होगा और हमें हमें महाराष्ट्र के लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव के वोटर्स का डेटा मुहैया कराना चाहिए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल बोले- हमने EC से वोटर्स के नाम-पते, तस्वीरें मांगीं

राहुल ने कहा- लोकसभा से पहले 32 लाख और विधानसभा से पहले 39 लाख वोट जोड़े गए। 5 महीने के भीतर 7 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं। हमने इलेक्शन कमीशन से कहा कि इसकी जांच करें। हमने वोटर लिस्ट, नाम-पते मांगे हैं। हम चाहते हैं कि उनके फोटोग्राफ भी दिए जाए। लोकसभा और विधानसभा की वोटर लिस्ट हम चाहते हैं। कई मतदाताओं के नाम काटे भी गए हैं। ये दलित, अल्पसंख्यक वोट हैं। मैं कोई आरोप नहीं लगा रहा हूं, लेकिन क्या कुछ गड़बड़ी है।

राहुल बोले- मैंने संसद में दिए अपने भाषण में भी यही बात उठाई थी। कहा था कि 5 साल में जितने वोटर जुड़े, उससे ज्यादा वोटर्स 5 महीने में जुड़ गए। हिमाचल की पॉपुलेशन वोटर लिस्ट में एड कर दी। एडल्ट पॉपुलेशन 9.54 करोड़ है। इलेक्शन कमीशन के मुताबिक, 9.7 करोड़ मतदाता हैं।

दिल्ली में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल के साथ शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत और NCP-SP सांसद सुप्रिया सुले।
दिल्ली में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल के साथ शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत और NCP-SP सांसद सुप्रिया सुले।

फडणवीस ने कहा था- राहुल ने महाराष्ट्र का अपमान किया

इससे पहले राहुल ने 2 फरवरी को भी यह दावा किया था। इसे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य का अपमान बताया था। उन्होंने कहा, ‘महाराष्ट्र का अपमान करने के बजाय राहुल आत्मचिंतन करें! यह छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर, महात्मा फुले और वीर सावरकर की धरती है। सिर्फ इसलिए कि आपकी पार्टी हार गई, आप जनता के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं।’

फडणवीस ने आगे कहा, ‘अपनी हार पर चिंतन करने के बजाय, आप झूठे आरोप लगा रहे हैं। महाराष्ट्र की जनता आपको इसके लिए माफ नहीं करेगी। राहुल गांधी, माफी मांगें!’

महाराष्ट्र में 23 नवंबर 2024 को बनी थी महायुति सरकार

पिछले साल 23 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। महायुति को 230 सीटों पर जीत मिली थी। भाजपा ने 132, शिवसेना ( एकनाथ शिंदे) ने 57 और NCP (अजित पवार) ने 41 सीटें जीतीं।

वहीं, कांग्रेस के नेतृत्व वाला महा विकास अघाड़ी (MVA) 46 सीटों पर सिमट गया। शिवसेना (उद्धव) 20, कांग्रेस 16 और NCP (शरद पवार) के हिस्से 10 सीटें आईं। 2 सीटें सपा ने जीती हैं। 10 सीटें अन्य के खाते में गईं।

महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों पर 20 नवंबर को वोटिंग हुई थी। 2019 के मुकाबले इस बार 4% ज्यादा वोटिंग हुई। 2019 में 61.4% वोट पड़े थे। इस बार 65.11% वोटिंग हुई।

हरियाणा चुनाव के नतीजों पर भी कांग्रेस ने उठाया था सवाल

कांग्रेस ने अक्टूबर 2024 में हरियाणा चुनाव के नतीजों पर भी सवाल उठाया था। कांग्रेस ने EVM की गड़बड़ी का दावा करते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की थी। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा था कि 20 सीटों पर मतगणना के दौरान EVM में गड़बड़ी पाई गई। इन सीटों के उम्मीदवारों ने लिखित और मौखिक शिकायतें दर्ज कीं। इसके बाद पार्टी ने इनकी सूची चुनाव आयोग को भेजी।

खेड़ा ने कहा, यह अजीब है कि जिन मशीनों में 99% बैटरी चार्ज रही, उन्हीं सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार हारे हैं। वहीं, 60-70% बैटरी चार्ज वाली मशीन वे हैं जिन पर कांग्रेस उम्मीदवार जीते हैं। मतगणना के दिन कुछ मशीनें 99% और बाकी सामान्य मशीनें 60-70% चार्ज थीं। हमारी मांग है कि जांच पूरी होने तक उन मशीनों को सील और सुरक्षित रखा जाना चाहिए।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines