कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई 8 लेन पर ट्रक और कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई। 3 युवती समेत चार अन्य घायल हो गए। पांचों सीकर के रहने वाले है। घटना रविवार शाम 5 बजे के आसपास की है। शव को एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया है।

सिमलिया थाना ASI शिवराज सिंह ने बताया- हादसे में सीकर के राधाकिशनपुरा निवासी अनिल कुमार (25) की मौत हुई है। कार सवार पांचों लोग उज्जैन महाकाल से दर्शन करके सीकर लौट रहे थे। चार घायलों को जयपुर रेफर किया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

मृतक के मामा कुलदीप ने बताया- अनिल अपने चार अन्य दोस्तों के साथ शुक्रवार को उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए निकला था। रविवार को पांचों कार से वापस सीकर लौट रहे थे। दिल्ली-मुंबई 8 लेन पर तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार पलट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें कार से बाहर निकाला और कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल पहुंचाया।
अनिल के सिर पर गंभीर चोट लगी थी। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रभुदयाल, युक्ता, अंजलि और दीपिका घायल हो गए। अनिल ने डेढ़ साल पहले बेंगलोर से बीटेक किया है। फिलहाल वो उसके पिता की प्राइवेट स्कूल को संभालता था। उसके एक छोटी बहन है।
