Home » राजस्थान » रंग रंगीलो फागोत्सव में झूमे शहरवासी,स्थानीय कलाकारों ने चंग और ढाप के साथ दी विशेष प्रस्तुति

रंग रंगीलो फागोत्सव में झूमे शहरवासी,स्थानीय कलाकारों ने चंग और ढाप के साथ दी विशेष प्रस्तुति

जयपुर(सुनील शर्मा) नगर निगम हेरिटेज की ओर से बुधवार को सांगानेरी गेट स्थित अग्रवाल कॉलेज में विशाल फागोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस दौरान हेरिटेज निगम महापौर कुसुम यादव के नेतृत्व में आमजन ने जमकर फूलों की होली भी खेली।कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने चंग और ढाप के साथ विशेष प्रस्तुति देकर शहरवासियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर हेरिटेज निगम महापौर कुसुम यादव ने बताया कि फागुन का महीना आते ही शहर का वातावरण रंगीन हो जाता है।छोटी काशी कहे जाने वाले जयपुर में फागुन के पूरे महीने में फाग महोत्सव की धूम रहती है।शहर के हर छोटे-बड़े मंदिरों में फाग उत्सव को बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है।

सजाई बाबा श्याम की नयनाभिराम झांकी

महापौर कुसुम यादव ने बताया कि बुधवार को सांगानेरी गेट स्थित अग्रवाल कॉलेज प्रांगण में हेरिटेज निगम की ओर से विशाल फागोत्सव का आयोजन किया गया।इस अवसर पर बाबा श्याम की नयनाभिराम झांकी सजाई गई और बाबा की ज्योत ली गई।इस दौरान बाबा के दरबार में छप्पन भोग का प्रसाद की झांकी भी सजाई गई।फागोत्सव की शुरुआत धार्मिक भजनों से हुई जिसमें भक्त झूमते नजर आए।फाग उत्सव में लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां पेश कर राजस्थानी संस्कृति की छटा बिखेरी। शेखावाटी के कलाकारों ने डफ और चंग की थाप पर भजनों की प्रस्तुतियां पेश की।

रंग मत डारे रे सांवरिया…गीत पर झूमे लोग

इस दौरान भजन गायकों ने रंग मत डारे रे सांवरिया….भजन गाकर दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया।वहीं चंग की थाप पर नैना नीचा कर ले श्याम से…होली खेलेंगे आपा गिरधर गोपाल से… होलिया में उड़े रे गुलाल…आदि भजन गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।महापौर के साथ महिला पार्षदों ने भी फाग के गीतों पर नृत्य किया।

कार्यक्रम में महापौर कुसुम यादव, आयुक्त अरुण हसीजा,अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव,विधायक बालमुकुंद आचार्य,भाजपा शहर अध्यक्ष अमित गोयल,भाजपा नेता रवि नैय्यर,चंद्र मनोहर बटवाड़ा,पूर्व चेयरमैन अजय यादव,शहर मंत्री अरुण खटोड़,भाजपा महिला मोर्चा की शहर अध्यक्ष अनुराधा माहेश्वरी सहित पदाधिकारी भी मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रसादी ली।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

infoverse academy

Top Headlines