Home » राजस्थान » नए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की वजह से अटकी नई कार्यकारिणी:भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में 40-45 पदाधिकारी बनाए जाएंगे, 150 नामों पर मंथन

नए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की वजह से अटकी नई कार्यकारिणी:भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में 40-45 पदाधिकारी बनाए जाएंगे, 150 नामों पर मंथन

भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी के लिए करीब 150 नामों पर मंथन हो रहा है। प्रदेश कार्यकारिणी में 40 से 45 पदाधिकारी बनाए जाएंगे। हालांकि राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा के बाद ही प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को नई टीम मिल पाएगी। नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की मंजूरी के बाद ही प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी।

हालांकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की नियुक्ति को करीब 10 महीने हो गए है। भाजपा संगठन महापर्व में फरवरी में उनका अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन भी हो चुका है, इसके बावजूद मदन राठौड़ अपनी नई टीम नहीं बना पा रहे है। फिलहाल राठौड़ को पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी की टीम के साथ ही काम करना पड़ रहा है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा के बाद ही प्रदेश कार्यकारिणी बनाई जाएगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा के बाद प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को मिलेगी नई टीम

यह है वर्तमान टीम

प्रदेश की वर्तमान कार्यकारिणी में 10 उपाध्यक्ष, पांच महामंत्री, 13 मंत्री और एक कोषाध्यक्ष सहित 33 पदाधिकारी है। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पद संभालने के बाद केवल दो पदाधिकारियों नियुक्ति दी है। वर्तमान में विधायक जितेंद्र गोठवाल, श्रवणसिंह बगड़ी, दामोदर अग्रवाल, संतोष अहलावत व ओमप्रकाश भड़ाणा महामंत्री है।

राठौड़ को 25 जुलाई को मिली थी जिम्मेदारी

पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा 11 सीटों पर हारी थी। जबकि 2014 व 2015 में पार्टी ने गठबंधन के साथ सभी 25 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद सीपी जोशी ने प्रदेशाध्यक्ष पद छोड़ने की पहल की थी। भाजपा हाईकमान ने 25 जुलाई को मदन राठौड़ को नया प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया। मूल ओबीसी वर्ग से आने वाले मदन राठौड़ राज्यसभा सांसद भी है। राजनीति व संगठन का लंबा अनुभव है।

युवा व सक्रिय चेहरों को प्राथमिकता

प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के लिए 150 से अधिक नेताओं के नाम व बायोडाटा पर चर्चा की गई है। प्रदेशाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी ने मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श कर अनौपचारिक अंतिम लिस्ट तैयार कर ली है। नई प्रदेश टीम में 50 फीसदी नए, युवा व सक्रिय चेहरों को शामिल किया जाएगा। टीम में 25 से 33 फीसदी तक महिला पदाधिकारी बनाई जा सकती है। इसके साथ ही क्षेत्रीय व सामाजिक संतुलन को भी ध्यान में रखा जाएगा। पहले उपचुनाव, संगठन चुनाव व ऑपरेशन सिंदूर और अब नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की वजह से नई प्रदेश कार्यकारिणी अटकी हुई है।

कार्यकारिणी से बाहर हुए तो बोर्ड-आयोग में मिलेगी जगह: जिन पदाधिकारियों को कार्यकारिणी से बाहर किया जाएगा, उनमें से अधिकांश को उन्हें नई जिम्मेदारी मिलेगी। सरकार व संगठन की ओर से करीब 40 लोगों की सूची पर मंथन चल रहा है, जिन्हें बोर्ड, आयोग सहित अन्य संस्थानों में जिम्मेदारी दी जाएगी। वर्तमान उपाध्यक्ष व महामंत्रियों में से कुछ लोगों को बोर्ड व आयोग में लगाया जाएगा।

चर्चा यह भी…नड्डा से स्वीकृति लेने की तैयारी

भाजपा का एक गुट वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की स्वीकृति से ही प्रदेश कार्यकारिणी बनवाने की कोशिश में लगा है। नड्डा के 31 मई को जयपुर दौरे पर आने के दौरान इस कार्यकारिणी को उनके समक्ष रखने और इसको लेकर घोषणा की कोशिश भी की जा रही है। वहीं दूसरा पक्ष नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के बाद ही कार्यकारिणी बनाने का पक्षधर है।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

infoverse academy

Top Headlines