Home » राजस्थान » दुष्कर्म का मामला:फ्रांसीसी युवती को एड शूट करने बुलाया था, कास्टिंग कंपनी के मालिक ने किया दुष्कर्म, बोला-हनीट्रेप में फंसाया जा रहा

दुष्कर्म का मामला:फ्रांसीसी युवती को एड शूट करने बुलाया था, कास्टिंग कंपनी के मालिक ने किया दुष्कर्म, बोला-हनीट्रेप में फंसाया जा रहा

शहर में फ्रांस की युवती से दुष्कर्म करने का आरोपी पुष्पराज उर्फ सिद्धार्थ ओझा गिरफ्तार कर लिया गया है। वह कास्टिंग कंपनी का मालिक है और उसने एड शूट करने के लिए दिल्ली से इस युवती को उदयपुर बुलाया था। बाद में इसी ने वारदात को अंजाम दे दिया। पुष्पराज को बड़गांव पुलिस ने चित्तौड़ से गिरफ्तार किया।

पुलिस बुधवार को आरोपी को कलेक्ट्री लेकर पहुंची तो उसने खुद को हनीट्रेप में फंसाए जाने का आरोप लगाया। कांग्रेस से जुड़े नेताओं व कार्यक र्ताओं ने उससे मारपीट का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने जैसे-तैसे बचा लिया। दुष्कर्म के बाद आरोपी हिमाचल प्रदेश भागने की फिराक में था। वह कार गिरवी रखने और पुलिस को गुमराह करने के लिए भीलाड़ा भाग गया। सीसी टीवी और टोल नाकों से बचता हुआ वह कच्चे रास्ते से चित्तौड़ के बस्सी गांव पहुंचा। वहां ढाबे के बाहर कार पार्क कर अंदर बैठा हुआ था। तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।

विदेशी महिला से दुष्कर्म और शहर में बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बुधवार दोपहर को कलेक्ट्री के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। तभी पुलिस आरोपी पुष्पराज को कलेक्ट्री लेकर पहुंची। उसे देखकर कांग्रेसजन उसे पीटने के लिए दौड़ पड़े। पुलिस जैसे-तैसे बचा कर उसे एसपी ऑफिस में ले गई। फिर कलेक्ट्री का गेट भी बंद कर दिया गया। जिलाध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ समेत अन्य कांग्रेसी नेता गेट पर चढ़कर अंदर घुस गए। वहां से एसपी के चैंबर के बाहर पहुंच गए। वहां एएसपी उमेश ओझा, डीएसपी छगन पुरोहित, सीआई पूरण सिंह राजपुरोहित व अन्य पुलिसकर्मियों ने उनसे समझाइश की। आक्रोशित कांग्रेसी नहीं माने और हंगामा कर दिया।

इस दौरान एएसपी ओझा और जिलाध्यक्ष राठौड़ के बीच हॉट-टॉक भी हो गई। 15-20 मिनट तक हंगामा चला और बाद में समझाइश से शांत हुआ। एसपी योगेश गोयल ने बताया कि पुष्पराज उर्फ सिद्धार्थ ओझा मूलत: चित्तौड़ के चंदेरिया का रहने वाला है। वह पिछले 8 साल से उदयपुर में न्यू भूपालपुरा में न्यू इम्पेक्स अपार्टमेंट में रह रहा है। वह फिल्मों, सीरियल, गानों और विज्ञापनों में आर्टिस्टों की कास्टिंग करता है। इसके लिए उसने उदयपुर कास्टिंग कॉल के नाम से कंपनी बना रखी है। कंपनी ने फ्रांस की युवती को एक मोबाइल के विज्ञापन के लिए हायर किया था। गत 22 जून को वह दिल्ली से उदयपुर आई थी।

दोपहर में पिछोला के अमराई घाट, आसपास के रेस्टोरेंट और सज्जनगढ़ किले पर शूटिंग की। शाम को युवती अपने साथियों और क्रू मेंबर्स के साथ बड़गांव में प्रताप गौरव केंद्र के पास ग्रीक फर्मा कैफे एंड रेस्ट्रों पर पहुंची। पार्टी के दौरान पुष्पराज युवती को सिगरेट पिलाने बाहर ले गया। फिर घुमाने के बहाने कार में अपने अपार्टमेंट पर ले गया। जहां दुष्कर्म किया। एसपी ने बताया कि मामला संवेदनशील और गंभीर है। ऐसे में पुलिस 7 दिन में मामले की जांच पूरी कर कोर्ट में चालान पेश कर देगी। मामले को केस ऑफिसर स्कीम में लिया जाएगा और जल्द ट्रायल कराया जाएगा। आरोपी को पकड़ने में हेडकांस्टेबल राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल तपेंद्र और डालाराम की मुख्य भूमिका रही।

दुष्कर्म का आरोपी युवती को होटल में छोड़कर भागा, चकमा देने के लिए भीलवाड़ा में एटीएम का इस्तेमाल : पुष्पराज दुष्कर्म के बाद 23 जून को सुबह 6 बजे युवती को होटल में छोड़ कर भाग गया। पुलिस को चकमा देने के लिए उसने भीलवाड़ा टॉल क्रोस किया। भीलवाड़ा में एटीएम का इस्तेमाल किया, ताकि पुलिस उसे वहां तलाशती रहे। चित्तौड़ के बस्सी गांव के पास उसका ननिहाल है। वहां जाने के लिए कच्चे रास्ते से जोगणिया माता पहुंचा। वहां से बस्सी जाने के लिए टोल नाका पार करना था तो ग्रामीण से दूसरा रास्ता पूछा। फिर बस्सी पहुंचा, लेकिन ननिहाल नहीं गया। वहां एक ढाबे के बाहर कार लगाकर उसमें अंदर बैठा हुआ था। देर रात को पुलिस उसे तलाशते हुए वहां तक पहुंच गई। वह हिमाचल भागने की फिराक में था। इसके लिए पैसे चाहिए थे। वह कार को गिरवी रखने के लिए ग्राहक की तलाश में था।

आरोपी चिल्लाता रहा- रेप नहीं किया, मुझे हनी ट्रेप में फंसाया गया : बुधवार दोपहर 12 बजे बड़गांव थाना पुलिस आरोपी पुष्पराज को कलेक्ट्री लेकर पहुंची। एसपी ऑफिस में ले जाने के दौरान आरोपी खुद को बेगुनाह बताता रहा। वह चिल्लाता रहा कि उसके साथ हनी ट्रेप हुआ है। उसने रेप नहीं किया। उसने कहा कि वह बाहर (चित्तौड़) का है और यहां (उदयपुर) आकर शूटिंग का काम कर रहा है। कुछ लोग उसके काम को खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं। उसका यह भी कहना था कि वह सरेंडर करने आ रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि युवती लंबे समय से दिल्ली में रह रही है। वह अलग-अलग शूटिंगों में काम करती है। कास्टिंग कंपनी से पहले भी संपर्क में रह चुकी है। इनके माता-पिता भी लंबे समय तक देश में रहे और राजस्थान में आ चुके हैं। युवती फ्रांस से कब आई और यहां कब से रह रही थी। इसके पासपोर्ट की जांच के बाद इसका खुलासा होगा।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines